दादरी। प्लास्टिक उन्मूलन महाअभियान के तहत नगर पालिका परिषद दादरी की ओर से मंगलवार को जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगर पालिका की टीम ने दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी संचालकों और अन्य विक्रेताओं पर कुल 5700 रुपये का अर्थदंड लगाया।
नगर पालिका की टीम ने रेलवे रोड और धनश्याम रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर दुकानदारों, रेहड़ी, ठेली और पटरी पर सामान बेचने वालों को प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग एवं भंडारण पर रोक की जानकारी दी। साथ ही उन्हें प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए इसके इस्तेमाल से बचने की अपील की।

अभियान के दौरान रेलवे रोड पर सब्जी एवं फल विक्रेताओं तथा स्ट्रीट वेंडर्स को भी जागरूक किया गया। नगर पालिका की टीम ने दुकानदारों और आम नागरिकों को प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर कपड़े के थैलों का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया।
नगर पालिका परिषद दादरी की अधिशासी अधिकारी सुश्री शालिनी गुप्ता ने शहरवासियों, दुकानदारों और व्यापारियों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में सिंगल यूज प्लास्टिक का पूरी तरह त्याग करें और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए जनसहयोग बेहद जरूरी है। प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से प्लास्टिक मुक्त दादरी बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।