नोएडा, 16 अक्टूबर। छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति की गाथा को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गाजियाबाद के सनसिटी में 22 से 28 अक्टूबर तक ऐतिहासिक महानाट्य ‘जाणता राजा’ का सजीव मंचन किया जाएगा। दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिदिन शाम 4:30 बजे से चार घंटे तक भव्य प्रस्तुति होगी। आयोजकों के अनुसार, इसमें करीब 250 कलाकार हाथी, घोड़े, ऊंट, पारंपरिक हथियारों और विशाल मंच सज्जा के माध्यम से शिवाजी महाराज के जीवन की प्रमुख घटनाओं को जीवंत करेंगे।
कार्यक्रम की जानकारी शुक्रवार को नोएडा के अदिरा बैंक्वेट हॉल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिव्य प्रेम सेवा मिशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम भैया जी ने दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी को छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों, माता जीजाबाई के संस्कारों और समर्थ गुरु रामदास की शिक्षाओं से जोड़ना बेहद जरूरी है। ‘जाणता राजा’ के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रप्रेम, साहस और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

डॉ. गौतम ने बताया कि सनसिटी में आयोजित होने वाले इस महानाट्य के उद्घाटन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और जूना अखाड़े के प्रमुख आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की सैन्य रणनीति और गुरिल्ला युद्ध कौशल आज भी प्रेरणा के स्रोत हैं। मिशन का उद्देश्य उनके जीवन और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
भव्य मंचन में दिखेगी शिवाजी महाराज की वीरगाथा
22 से 28 अक्टूबर तक चलने वाले इस आयोजन में सिंहगढ़, प्रतापगढ़ और रायगढ़ किलों की प्रतिकृतियों के जरिए शिवाजी महाराज के जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं का मंचन किया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम को प्रतिदिन लगभग 15 हजार दर्शकों तक पहुंचाने का लक्ष्य है। दिल्ली-एनसीआर के साथ उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड से करीब सवा लाख लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है।

आयोजन को लेकर युवाओं और विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के लिए दिल्ली-एनसीआर के सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों तथा कॉलेजों से संपर्क किया गया है। मिशन की टीमें मार्च 2026 से तैयारियों में जुटी हैं और अब तक 300 से अधिक बैठकें, गोष्ठियां और सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं। कार्यक्रम से प्राप्त सहयोग का उपयोग दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार के सेवा प्रकल्पों के लिए किया जाएगा।
आयोजन स्थल पर शिव अवतरण मंडपम में नवरात्रि के प्रथम दिन से 28 अक्टूबर तक प्रतिदिन रुद्राभिषेक का आयोजन भी किया जा रहा है। कार्यक्रम के विभिन्न दिनों में राजनीति, धर्म-अध्यात्म और उद्योग जगत से जुड़ी हस्तियों के शामिल होने की जानकारी दी गई। आयोजकों ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और योगगुरु स्वामी रामदेव सहित कई विशिष्ट अतिथियों के आगमन की भी जानकारी साझा की।

प्रेस कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने की। इस अवसर पर जाणता राजा आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता, संयोजक विनय चौधरी, समिति के महामंत्री दीपक शर्मा और दिव्य प्रेम सेवा मिशन के सहसंयोजक राघवेंद्र सिंह सहित दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकार मौजूद रहे।