हर्षोल्लास के साथ मनाया गया दीपावली पर्व

दीपों का महापर्व दीपावली का त्यौहार अपूर्व श्रद्धा,हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। देर रात तक हुई आतिशबाजी ने आकाश को इंद्रधनुषी बना दिया।

हर्षोल्लास के साथ मनाया गया दीपावली पर्व

दीपों का महापर्व दीपावली का त्यौहार अपूर्व श्रद्धा,हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। देर रात तक हुई आतिशबाजी ने आकाश को इंद्रधनुषी बना दिया।


            दीपावली के त्यौहार पर हिन्दू समाज के लोगों ने अपने घरों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों को रंग बिरंगी झालरों से आकर्षक ढंग से सजा रखा था।पूरा शहर दुल्हन की तरह सजा हुआ है।शुभ मुहूर्त में हिन्दू धर्म के अनुयायियों ने अपने अपने घरों में सजाए गए पूजा स्थलों में धन सम्पदा की देवी मां लक्ष्मी जी की विशेष पूजा अर्चना की।धूप दीप जलाकर लोबान में कपूर व सामग्री से यज्ञ किया तथा मां लक्ष्मी जी से अपने घरों में वास करने की कामना की।लक्ष्मी गणेश की पूजा के बाद लोगों ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम,सीता मैय्या,लक्ष्मण जी व पवन पुत्र हनुमान जी की पूजा की।सनातन धर्म में मान्यता है कि दीपावली के दिन ही मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम चौदह वर्ष का वनवास पूरा करने तथा लंका दहन कर असुरों के राजा रावण का वध करने के बाद अयोध्या में अपने महल वापस लौट कर आए थे।भगवान श्री राम,माता सीता,लक्ष्मण,हनुमान जी के स्वागत के लिए अयोध्या नगरी को दुल्हन की तरह सजाया गया था और खुशी में मिठाईयां बांट कर आतिशबाजी की थी।लक्ष्मी पूजन के बाद लोगों ने धर्म स्थलों व घरों की छतों दरवाजों पर जलते हुए दिए रखे तथा मोमबत्तियों से घरों का जगमग किया।


         हिन्दू समाज के लोगों ने अपने व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को भी दुल्हन की तरह सजाया तथा धन सम्पदा की देवी मां लक्ष्मी जी की विशेष पूजा अर्चना की।व्यवसायियों ने अपने व्यवसाय की प्रगति व समृद्धि की कामना की।


           दीपावली पूजन के बाद लोगों ने एक दूसरे के घरों में मिठाईयां भिजवाकर शुभकामनाएं दी।घरों में महिलाओं ने परंपरागत विशेष व्यंजन बनाए।पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण कर मूंह मीठा करने के बाद स्वादिष्ठ व्यंजनों का आनंद लिया और फिर आतिशबाजी का दौर शुरू हो गया।बच्चों ने पटाखे फोड़ कर खूब मस्ती की।बाद में युवाओं ने भी देर रात तक आतिशबाजी की और आकाश को गुंजाएमान करने वाले बॉम्ब फोड़े,रॉकेट दागे जिससे आसमान में इंद्रधनुषी छटा दिखाई दी।

:: सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम,फायर ब्रिगेड भी रही अलर्ट

: दीपावली के त्यौहार पर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर रखे थे।आतिशबाजी से आग लगाने जैसी कोई अप्रिय घटना पर तत्काल नियंत्रण पाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम भी देर रात तक अलर्ट मोड पर रही।भीड़भाड़ से बचाने के लिए पुलिस ने रूट डायवर्जन कर रखा।
        थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार वशिष्ठ ने स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रखी थी।कोतवाल रविंद्र वशिष्ठ भारी पुलिस बल के साथ गांधी पार्क व केनरा बैंक के सामने अलर्ट रहे।चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात रही। एसडीएम शैलेंद्र कुमार सिंह तथा सीओ संग्राम सिंह भी लगातार पेट्रोलिंग करते रहे।