ग्रेटर नोएडा के नये मुखिया: आईएएस सुरेंद्र सिंह
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का पद संभालने के साथ उन्हें कई महत्वपूर्ण समस्याओं का सामना करना होगा।

-राजेश बैरागी-
मेरठ मंडलायुक्त से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाए गए आईएएस सुरेंद्र सिंह मूलरूप से मथुरा के बलदेव विकास खंड के गांव कासिमपुर सैदपुर के रहने वाले हैं।
2005 बैच के आईएएस सुरेंद्र सिंह वाराणसी, प्रतापगढ़, मुजफ्फरनगर समेत आधा दर्जन जिलों में जिलाधिकारी तथा मुख्यमंत्री के सचिव रह चुके हैं।
उनकी छवि एक अच्छे प्रशासक की है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का पद संभालने के साथ उन्हें कई महत्वपूर्ण समस्याओं का सामना करना होगा।
हजारों फ्लैट खरीददारों और बिल्डरों के बीच रजिस्ट्री, कब्जा न होने जैसी समस्याएं हैं वहीं किसानों को दस प्रतिशत आवासीय भूखंड,लीज बैक प्रकरणों का निस्तारण तथा भूमि कोष बनाने की चुनौती भी है। यहां चल रही कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को पूरा कराने के लिए भी उन्हें विशेष प्रयास करने होंगे।
निवर्तमान मुख्य कार्यपालक अधिकारी नरेंद्र भूषण को प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग बनाया गया है। अपने कार्यकाल में उन्होंने ग्रेटर नोएडा क्षेत्र को यथासंभव रफ्तार देने का प्रयास किया।
उनके कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राधिकरण की सेवाओं का डिजिटाइजेशन करना रहा जिससे प्राधिकरण से संबंधित आम लोगों के लगभग सभी कार्य ऑनलाइन किए जा रहे हैं। इससे आम जनता को अनावश्यक प्राधिकरण के चक्कर लगाने से मुक्ति मिली है।(साभार:नेक दृष्टि हिंदी साप्ताहिक नौएडा)