दिल्ली वाले झेल रहे खराब हवा की मार

हवा की गति मंद होने से राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण का स्तर एक बार फिर बढ़ गया है। 18 दिन बाद दिल्ली की हवा एक बार फिर से खराब श्रेणी में पहुंच गई।

दिल्ली वाले झेल रहे खराब हवा की मार

 हवा की गति मंद होने से राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण का स्तर एक बार फिर बढ़ गया है। 18 दिन बाद दिल्ली की हवा एक बार फिर से खराब श्रेणी में पहुंच गई।

बुधवार को भी वायु गुणवत्ता की स्थिति कमोबेश ऐसी ही रहने का अनुमान है। गौरतलब है कि मार्च अभी तक काफी हद तक साफ रहा है, लेकिन वायु मंडल में धूल कणों में इजाफा होने से मंगलवार को राजधानी का एक्यूआई 221 पहुंच गया। इस स्तर की हवा को ’’खराब’’ श्रेणी में रखा जाता है। इससे पहले एक मार्च को ’’खराब’’ इसी श्रेणी में रही थी।

तब एक्यूआई 208 दर्ज किया गया था। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, हवा की गति हाल फिलहाल 10 किमी प्रति घंटे से नीचे चल रही है। इसके चलते प्रदूषक कणों का बिखराव भी धीमा चल रहा है। बुधवार को भी इसमें सुधार के आसार नहीं लग रहे हैं और दिल्ली की हवा ’’खराब’’ श्रेणी में ही रहने का अनुमान है। आसमान साफ रहने और दिन भर तेज धूप निकलने से राजधानी में गर्मी तेजी से बढ़ने के आसार हैं।

मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि इस समय का सामान्य तापमान है। न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से चार डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 91 से 27 प्रतिशत तक रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री के लिहाज से रिज जबकि सर्वाधिक न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री के चलते पीतमपुरा सबसे गर्म इलाके रहे। मौसम विभाग का अनुमान है

कि बुधवार को आसमान साफ रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। सुबह के समय हवा शांत रहेगी, जबकि दिन के समय हवा की गति छह किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।