तेंदुए को पकड़ने में वन विभाग हो रहा विफल

अलग-अलग गांव में देखा जा रहा तेंदुआ

तेंदुए को पकड़ने में वन विभाग हो रहा विफल

*किसानों के पशुओं को निवाला बना रहा तेंदुआ*

अमन त्यागी ( बुलंदशहर) देर रात तेंदुए ने क्षेत्र के कस्बा खानपुर के गांव भदौरा में किसानों के पशुओं को निवाला बनाया। घेर में बंधे पशुओं को निवाला बनाने के बाद तेंदुआ जंगलों की ओर भाग गया। सूचना मिलते ही मौके पर खानपुर पुलिस पहुंच गई। ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी आक्रोश नजर आ रहा है।

*अपने स्थान बदल रहा तेंदुआ*

नरसेना में सेही का शिकार करने के बाद तेंदुआ क्षेत्र के गांव भड़कऊ में देखा गया। अचानक तेंदुआ किसान के सामने आ गया जिससे किसान की सांसे अटक गई। घबराए किसान ने खुद को ट्यूबवेल के कमरे में बंद कर लिया और ग्रामीणों को बुला लिया। इसके बाद वन विभाग और ग्रामीणों ने जंगल में सर्च अभियान चलाया, लेकिन वह जंगल में छुप गया।

*15 दिनों से क्षेत्र में आतंक मचा रहा तेंदुआ*

बीते दो सप्ताह से तेंदुए ने नरसेना थाना क्षेत्र में आतंक मचा रखा है, क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर बरवाला, गेसूपुर, चंदियाना, नरसेना, भड़कऊ समेत कई गांव में तेंदुआ देखा गया है। सोमवार को गांव नरसेना में किसानों के सामने ही तेंदुए ने सेही का शिकार किया। इसके बाद तेंदुआ गांव भड़कऊ के जंगलों में देखे जाने का दावा किया गया है। गांव भड़काऊ निवासी रिटायर्ड अध्यापक मानक चंद्र शर्मा ने बताया कि वह अपने खेत में पानी लगा रहे थे। ऐसे दौरान पास के ही खेत में पेड़ के नीचे अचानक उनके सामने तेंदुआ गया। इसके बाद तेंदुआ उनकी तरफ देखने लगा तो वह घबरा गए और दौड़कर ट्यूबवेल के कमरे में कुंडी लगाकर खुद को बंद कर लिया। उन्होंने इसकी सूचना अपने भाई बाबूलाल को फोन कर दी। ग्रामीण पहुंचे और किसान को ट्यूबवेल से बाहर निकाला।

*वन विभाग के प्रति ग्रामीणों में आक्रोश*

मोहम्मदपुर बरवाला में हमले के बाद तेंदुआ लगातार क्षेत्र में देखा जा रहा है लेकिन वन विभाग इसे डॉग फैमिली का जानवर बात कर अपना पल्ला झाड़ता नजर आ रहा है। गांव भड़काऊ और नरसेना में एक सप्ताह में दो बार तेंदुआ देखे जाने का ग्रामीणों द्वारा दावा किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग तेंदुए को पकड़ने में दिलचस्पी नहीं दिख रहा है। जंगल में न तो पिंजरा लगाया गया है और न हीं जाल। तेंदूए पकड़ने के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है।

*तेंदुए को पकड़ने के लिए लगाई गई है टीम: वनरेंजर*

तेंदुए को पकड़ने के लिए टीम लगाई गई है। जल्द ही तेंदुए का रेस्क्यू कर लिया जाएगा। तेंदुए को पकड़ने के लिए टीम के साथ रणनीति बनाई जा रही है। *वन रेंजर प्रवेश कुमार*