भाजपा लगाने जा रही है हैट्रिक
भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के बल पर भाजपा लोकसभा चुनावों में इस बार चार सौ से अधिक सीटें जीतेगी और लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के बल पर भाजपा लोकसभा चुनावों में इस बार चार सौ से अधिक सीटें जीतेगी और लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि बीजेपी के सभी लोग एक ही विचारधारा के लोग हैं। आपसी मतभेद भुलाकर सभी लोग पार्टी हित मे सक्रिय रहकर काम करेंगे और पार्टी उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखेंगे।
चौहान सोमवार को स्टेट हाइवे स्थित कमल प्लेस में अनूपशहर विधानसभा क्षेत्र मिलन समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकारों ने समाज के सभी वर्गों को समान रूप से लाभ दिलाने की अनेकों जनकल्याणकारी योजनाओं को ना केवल लागू किया बल्कि उनका सफलतापूर्वक क्रियान्वयन भी सुनिश्चित किया। इसके कारण गरीबों का जीवन स्तर सुधरा है। भाजपा अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं के बल पर जनता के बीच अपनी पैठ बना चुकी है जिसके चलते भाजपा इस बार चार सौ पार जीत दर्ज करायेगी। जिलाध्यक्ष ने बुलंदशहर सीट पर पार्टी उम्मीदवार को देश भर में सर्वाधिक मतों से जिताने का आव्हान भी किया।
इससे पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष का कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर कार्यक्रम संयोजक पूर्व चेयरमैन राजकुमार लोधी उर्फ राजू लोधी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों के साथ जोरदार अगवानी की। भाजपाइयों ने माल्यार्पण कर बुके भेंट कर पगड़ी पहनाकर जिलाध्यक्ष एवं उनके साथ आए अन्य अतिथियों का जोरदार स्वागत सत्कार किया। राजकुमार लोधी ने शौर्य की प्रतीक तलवार मुख्य अतिथि को भेंट कर सम्मानित किया। युवा मोर्चा उपाध्यक्ष मुदित गोस्वामी एवं सभासदों ने बड़ी माला भैंट कर मुख्य अतिथि का भावभीना स्वागत सत्कार किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गिरीश लोधी ने की तथा संचालन मंडल अध्यक्ष जयवीर लोधी ने किया। कार्यक्रम को पूर्व भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपक दुल्हरा, ज्वाइनिंग कमेटी जिला संयोजक जयप्रकाश शर्मा, नेमपाल लोधी अनिल गोयल किशनपाल लोधी चेयरमैन, डॉ ईश्वर चंद्रा,दीपक ऋषि, त्रिलोक गूर्जर आदि ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर राजकुमार कटारिया एडवोकेट अंकुर अग्रवाल, व्यापारी नेता हेमंत गुप्ता नरेश वर्मा जयप्रकाश गुप्ता मनोज चौहान श्याम लाल लोधी जयचंद गूर्जर रविन्द्र सैनी आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहे। महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। आयोजक राजकुमार लोधी ने आगंतुक अतिथियों का आभार व्यक्त किया।