ईद पर्व पर नहीं हुई सड़कों पर नमाज, दुआ को उठे हाथ

अकीदतमंदों ने मांगी अमन चैन की दुआ* - *ईदगाह पर नमाज अदा करने के लिए पहुंचे अकीदतमंद

ईद पर्व पर नहीं हुई सड़कों पर नमाज, दुआ को उठे हाथ

ईद उल अजहा का पर्व सोमवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नगर में ईदगाह पर शहर काजी ने ईद की नमाज अदा कराई। शहर काजी मुफ्ती शाहिद ने दीन के रास्ते पर चलने का आह्वान किया। इस बार सड़कों पर नमाज नहीं हुई। प्रशासन लगातार अपनी पैनी नजर बनाए रखा। साफ सफाई को लेकर विशेष व्यवस्था की गई। नगर पालिका ईओ ने पहले ही कर्मचारियों के साथ ईदगाह का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करा दी थी। एसडीएम और सीओ के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा। नगर के मुख्य चौराहों से लेकर मस्जिदों के बाहर व गली मोहल्ले में पुलिस बल गश्त करता रहा।

प्रशासन रहा अलर्ट, एसडीएम व सीओ ने भारी पुलिस बल के साथ रहे मौजूद

सोमवार की सुबह सात बजे से पहले ईद की नमाज के लिए नगर में ईदगाह पर शहर और देहात से अकीदतमंद पहुंचने शुरू हो गए। शहर काजी मुफ्ती शाहिद ने तकरीर में अल्लाह के बताए उसूलों पर चलने की बात कही। समाज में प्यार-भाईचारा बनाए रखने के साथ जरूरतमंदों की मदद करने का आह्वान किया।

ईद की नमाज के बाद सभी अकीदतमंदों ने देश में अमन चैन की दुआ मांगी। नमाज के बाद कब्रिस्तान पहुंचे अकीदतमंदों ने फातिहा पढ़े। नगर पालिका अध्यक्ष ऋषिपाल सिंह चौधरी, सभासद नीरज त्यागी, अमित त्यागी, सरिता आर्या, खालिद कुरैशी, साजिद सैफी, साजिद चौधरी, आरिश मिर्जा, अनस मिर्जा, मुस्ते हसन, गुलजार, अफजल आदि मौजूद रहे।