Delhi में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी गिरेगा पारा और बढ़ेगी ठंड

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बदलाव देखने को मिला है। बुधवार को सुबह-सुबह घना कोहरा छाया रहा। ऐसी ही स्थिति मौसम विभाग के अनुसार, आज भी बनी रहेगी।

Delhi में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी गिरेगा पारा और बढ़ेगी ठंड

दिल्ली में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी गिरेगा पारा और बढ़ेगी ठंड

दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बदलाव देखने को मिला है। बुधवार को सुबह-सुबह घना कोहरा छाया रहा। ऐसी ही स्थिति मौसम विभाग के अनुसार, आज भी बनी रहेगी। अगले दो दिन घना कोहरा रहेगा। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट है। दोनों ही दिन न केवल सुबह बल्कि रात के वक्त भी घना कोहरा देखने को मिलेगा। दिन के समय स्मॉग की परत छाई रहेगी। तापमान में भी अब लगातार कमी आने का अनुमान है। अगले छह दिनों में अधिकतम 28 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री तक आ जाएगा। ऐसे में ठंडक का एहसास भी बढ़ेगा।

दिल्ली में बुधवार को सीजन का घना कोहरा रहा और आईजीआई एयरपोर्ट (IGI Airport Delhi) पर सुबह साढ़े आठ बजे दृश्यता का स्तर शून्य रह गया। सड़कों एवं आबादी वाले क्षेत्रों में भी इसका खासा असर देखने को मिला। घने कोहरे से जन जीवन भी प्रभावित हुआ। बच्चों को स्कूल और बड़ों को दफ्तर या अपने कार्यस्थल पहुंचने में काफी परेशानी हुई। सुबह नौ बजे तक लोग वाहनों की हेडलाइट जलाकर सफर कर रहे थे।

मौसम विभाग के अनुसार, दिन चढ़ने के साथ साथ इसमें कुछ सुधार हुआ। सुबह साढ़े नौ बजे आईजीआई एयरपोर्ट पर दृश्यता का स्तर 50 मीटर जबकि सफदरजंग पर 400 मीटर दर्ज किया गया। दिन में भी स्मॉग व धुंध की मिली जुली परत छाई रही। इस स्थिति के कारण बुधवार को सूर्य की किरणें धरती पर ठीक से नहीं पहुंच पाईं। इससे तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है।

मंगलवार को न्यूनतम तापमान जहां सामान्य से चार डिग्री ऊपर 17.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था। वहीं, बुधवार को यह 0.9 डिग्री गिरकर सामान्य से तीन डिग्री ऊपर 17.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। अलबत्ता अधिकतम तापमान में एक दिन पहले के तरह पांच डिग्री की गिरावट देखी गई। मंगलवार को यह सामान्य से चार डिग्री ऊपर 32.8 डिग्री रहा था, जबकि बुधवार को यह सामान्य से एक डिग्री कम 27.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 100 से 68 प्रतिशत तक रहा।

मौसम विभाग के वरिष्ठ विज्ञानी आर के जेनामणि ने बताया कि बुधवार को सुबह के समय घना कोहरा पड़ने के बाद दिल्ली के मौसम में भी काफी बदलाव आया है। इस स्थिति के लिए पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी भी बड़ा कारण है।