अरविंद केजरीवाल -मोदी जी अगर वाकई भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहे होते तो पूरी आम आदमी पार्टी उनका समर्थन करती

मोदी जी एक नेता के लिए कहते हैं कि उसने 70 हजार करोड़ का घोटाला कर दिया, चार दिन बाद वो भाजपा में चला गया और उसे उपमुख्यमंत्री बना दिए-

अरविंद केजरीवाल -मोदी जी अगर वाकई भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहे होते तो पूरी आम आदमी पार्टी उनका समर्थन करती

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को प्रधानमंत्री की भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने के दावे पर गंभीर प्रश्न चिन्ह लगा दिया। वो हरियाणा में पार्टी के 11 हजार नवनियुक्त पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में आए थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि मोदी जी अगर वाकई भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहे होते तो सबसे पहले केजरीवाल और आम आदमी पार्टी उनका समर्थन करती। लेकिन वो भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई नहीं लड़ रहे हैं। अगर ऐसा होता तो वो जिस नेता के बारे कहे कि उसने 70 हजार करोड़ का घोटाला कर दिया है, उसको भाजपा में शामिल करके उपमुख्यमंत्री नहीं बना देते। अब तो देश में ये चर्चा हो रही है कि मोदी जी देश नहीं चला रहे हैं, बल्कि उनका एक दोस्त चला रहा है।

उन्होंने पीएम को सलाह देते हुए कहा कि अगर आप अपने दोस्त की नौकरी करना छोड़ दो तो आम आदमी पार्टी ही नहीं, पूरा देश आपका समर्थन करेगा। लेकिन अगर देश को एक दोस्त चलाएगा और भ्रष्टाचारियों, पापियों व अपराधियों को संरक्षण दिया जाएगा, तो अपनी जान की परवाह किए बिना देश का एक-एक बच्चा आपकी खिलाफत करेगा। 

देश बदलने की एक उम्मीद लेकर हम सब लोग आम आदमी पार्टी में आए हैं- अरविंद केजरीवाल

हरियाणा के रोहतक में आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम में 11 हजार नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाने के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज देश में चारों तरफ भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और लूटपाट है। प्रधानमंत्री कहते हैं कि मैं भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहा हूं। मैं प्रधानमंत्री से कहना चाहता हूं कि मोदी जी अगर आप वास्तव में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहे होते तो सबसे केजरीवाल आपका समर्थन करता। मुझे आम आदमी पार्टी से प्यार नहीं है। मैं देश के लिए राजनीति में आया हूं। देश बदलने की उम्मीद लेकर सब लोग आम आदमी पार्टी में आए है। अगर मोदी जी वाकई में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहे होते तो पूरी आम आदमी पार्टी आपका समर्थन करती। 

अगर कोई बड़ा पाप या अपराध करके भाजपा में चला जाए तो उसे छूने की ईडी-सीबीआई की हिम्मत नहीं- अरविंद केजरीवाल

उन्होंने कहा कि मोदी जी एक राज्य में गए और वहां कुछ नेताओं के नाम लिए। वो बोले कि इन नेताओं ने 70 हजार करोड़ रुपए का भ्रष्टाचार कर दिया। इनको मैं जेल में डालूंगा। चार दिन बाद उन नेताओं ने भाजपा को ज्वाइन कर लिया और मोदी ने उसको उपमुख्यमंत्री बना दिया। क्या यही मोदी जी की भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई है? ये तो नौटंकी है। यह एक उदाहरण नहीं है, बल्कि पूरे देश में रोज यही नौटंकी चल रही है। मोदी जी राज्यों में जाकर नेताओं को चोर बताते हैं और दो दिन बाद वो नेता भाजपा में चला जाता है। फिर मोदी जी उनको मंत्री बना देते हैं। आज पूरे देश में चर्चा हो रही है कि किसी ने कितना भी बड़ा पाप या अपराध कर रखा हो, भाजपा में चला जाए तो उसे छूने की ईडी, सीबीआई या इनकम टैक्स विभाग की हिम्मत नहीं है। अगर किसी का बेटा किसानों को अपनी जीप के नीचे कुचल दे और भाजपा में चला जाए तो उसको कुछ नहीं होगा। अगर किसी का बेटा लड़कियों के साथ गलत काम करके भाजपा में शामिल हो जाए तो पूरा संरक्षण मिलेगा। 

भ्रष्टाचार करने वाले को पता है कि उसे जिंदगी भर जेल में रहना पड़ेगा, इसलिए वो भाजपा में चला जाता है- अरविंद केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज सच्चाई ये है कि भ्रष्टाचारी वो नहीं है जिसको ईडी ने पकड़ कर जेल में डाल दिया, बल्कि भ्रष्टाचारी वो है, जो ईडी के डर से भाजपा में चला गया। जिसको ईडी ने पकड़कर जेल में डाल दिया और अभी तक भाजपा में नहीं गया है तो समझ लेना कि वो कट्टर ईमानदार है। क्योंकि उसको पता है कि आज नही ंतो कल बाहर आ ही जाउंगा, लेकिन जिसने बेइमानी कर रखी है, उसको पता है कि अगर ईडी ने पकड़ लिया तो पूरी जिंदगी जेल में रहना पड़ेगा। इसलिए वो तुरंत भाजपा में चला जाता है। आज यह समझने की जरूरत भ्रष्टाचारी कौन है और ईमानदार कौन है? जो आदमी ईडी के डर से भाजपा में चला गया, वो भ्रष्टाचारी है और जिसे ईडी के रेड के बाद गिरफ्तार कर लिया और भाजपा में नहीं जा रहा है, वो कट्टर ईमानदार है।